
दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कृषि एवं प्राकृतिक विज्ञान संस्थान (IANS) के छात्र आदित्य कुमार ने विश्वविद्यालय का नाम पूरे देश में रोशन किया है। उन्होंने "Save Energy" विषय पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में ऑल इंडिया रैंक 2 प्राप्त की है। यह प्रतियोगिता पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC), भारत सरकार द्वारा आयोजित की गई थी।
इस बड़ी उपलब्धि के लिए आदित्य को ₹1,00,000 की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जो उनके विचारों को लागू करने और आगे बढ़ाने के लिए है। साथ ही उन्हें 5 जून 2025 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित विशेष समारोह में माननीय दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव द्वारा सम्मानित किया गया।
आदित्य को अपने नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर "मिशन LiFE (लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट)" कार्यक्रम के अंतर्गत मिला, जिसे भारत के माननीय प्रधानमंत्री ने शुरू किया है। उनके विचार ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उपयोगी और प्रेरणादायक हैं।
आईएएनएस के निदेशक प्रोफेसर दिनेश यादव ने इस उपलब्धि पर आदित्य को बधाई दी और संकाय सदस्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि “यह विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है और यह हमारे छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।”
माननीय कुलपति महोदय ने भी आदित्य कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यार्थी की मेहनत को दर्शाती है, बल्कि डीडीयू विश्वविद्यालय की गुणवत्ता और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
यह सफलता न केवल विश्वविद्यालय के लिए एक गर्व का क्षण है, बल्कि यह अन्य विद्यार्थियों को भी ऐसे राष्ट्रीय मंचों पर भाग लेने के लिए प्रेरित करेगी। विश्वविद्यालय परिवार आदित्य की इस उपलब्धि पर गौरव महसूस कर रहा है।